आगरा में जिलाधिकारी के निर्देशन में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का MY Bharat Portal पर अधिक से अधिक पंजीकरण कराने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। डीएम ने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों को अभियान चलाकर हर पात्र युवा का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित MY Bharat Portal युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से युवाओं को Experience Learning Program (ELP), स्वयंसेवक के रूप में कार्य करने, प्रशिक्षण, शिविर, प्रतियोगिताओं, सामाजिक अभियानों और राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलता है। साथ ही प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाते हैं।डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारियों, ग्राम प्रधानों तथा स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के प्रमुखों को विशेष पंजीकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रतिदिन किए गए पंजीकरण की प्रगति निर्धारित गूगल शीट में दर्ज करने को भी कहा गया है, ताकि नियमित समीक्षा की जा सके। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द MY Bharat Portal पर अपना पंजीकरण कराएं और अपने मित्रों, सहपाठियों व अन्य पात्र युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग, शिक्षण संस्थान और ग्राम पंचायतें मिलकर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें, ताकि आगरा प्रदेश के अग्रणी जनपदों में शामिल हो सके।





