आगरा के कमिश्नरी सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की।बैठक में मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन में लापरवाही पर कड़ी नाराज़गी जताई और निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जाए। उन्होंने लापरवाही मिलने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं। जिन किसानों की अधिग्रहित भूमि का भुगतान लंबित है, उन्हें वर्तमान दरों पर मुआवजा दिया जाए।उन्होंने रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के पुनर्वास, अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई, जनसुनवाई को प्राथमिकता और आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।साथ ही आगरा में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, लेदर उद्योग और अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र की परियोजनाओं को तेज़ी से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों, कानून-व्यवस्था और सभी विभागों के बेहतर समन्वय पर विशेष बल दिया गया।





