आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विजय विहार कॉलोनी में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली है। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री और स्थानीय विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने अलबतिया स्थित विजय विहार कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।सड़क निर्माण के शुभारंभ के बाद मंत्री ने क्षेत्रवासियों के साथ जन चौपाल आयोजित कर लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं, सुझाव लिए और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।जन चौपाल को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश में विकास और सुशासन को नई दिशा दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और हर क्षेत्र का समान विकास सुनिश्चित करना है।कार्यक्रम में वार्ड 73 की पार्षद मीनाक्षी वर्मा, शिवाजी मंडल के महामंत्री संतोषी लाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ब्रज प्रदेश अधिकारी संजय शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. प्रदीप उप्रेती, वी. के. शर्मा, हरी शंकर, विजय विहार कॉलोनी के अध्यक्ष अंकित गर्ग, एस. डी. शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वी. के. शर्मा ने की, जबकि संचालन अनूप अग्रवाल ने किया।सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से विजय विहार कॉलोनी के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और विधायक योगेंद्र उपाध्याय का आभार व्यक्त किया।





