आगरा दिल्ली गेट पर मॉडल रोड निर्माण के दौरान एक पीपल का पेड़ गिरने के मामले में सामाजिक वानिकी विभाग ने निर्माण एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।जानकारी के अनुसार, सीएम ग्रिड योजना के तहत नगर निगम से अनुबंधित श्रीराम कंस्ट्रक्शन द्वारा सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा था। खुदाई के दौरान पीपल के पेड़ की जड़ों के पास गहरी खुदाई होने से जड़ें खुल गईं और पेड़ धराशायी हो गया।सामाजिक वानिकी विभाग के प्रभागीय निदेशक ने बताया कि आगरा टीटीजेड क्षेत्र में आता है, जहां किसी भी प्रकार के वृक्ष को नुकसान पहुंचाने या काटने से पहले सर्वोच्च न्यायालय से अनुमति आवश्यक होती है।घटना की जानकारी मिलते ही विभाग ने मौके की जांच कराई। जांच में लापरवाही पाए जाने पर निर्माण एजेंसी श्रीराम कंस्ट्रक्शन के जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम, 1976 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और संबंधित विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रहा है।





