आगरा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर आगरा प्रशासन ने तैयारियां तेज़ कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें 21 जून को होने वाले योग दिवस के सफल और भव्य आयोजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में योग दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन स्थल, सुरक्षा व्यवस्था और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर संबंधित विभागों के साथ चर्चा हुई। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रखी गई है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों, पंचायत भवनों, ब्लॉक और तहसील मुख्यालयों सहित पूरे जनपद में अनिवार्य रूप से योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने 20 जून को सभी कार्यक्रम स्थलों पर श्रमदान के माध्यम से साफ-सफाई कराने और प्रत्येक कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश भी दिए।जनपद में योग दिवस पर दो मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें एक प्रमुख आयोजन एकलव्य स्टेडियम में प्रभारी मंत्री और जनपद के नामित नोडल अधिकारी की उपस्थिति में होगा।जिलाधिकारी ने सभी आयोजन स्थलों पर योग प्रशिक्षकों की उपलब्धता, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, योग मैट, टी-शर्ट तथा सामाजिक और औद्योगिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योग दिवस का आयोजन सफल, व्यवस्थित और जनभागीदारी से भरपूर हो सके।





