मण्डलायुक्त श्री नगेन्द्र प्रताप जी की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक हुई संपन्न आगरा. 25 मई 2026. आयुक्त सभागार में मण्डलायुक्त श्री नगेन्द्र प्रताप जी की अध्यक्षता में आज सोमवार को मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक हुई। सर्वप्रथम मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार सृजन कार्यक्रम योजना और ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजना की प्रगति की समीक्षा की गयी। चारों जिलों में प्रगति बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान में फिरोजाबाद और मैनपुरी में आवेदनों को बैंकों में प्रेषण की संख्या बढ़ाते हुए मार्जिनमनी स्वीकृति/वितरण प्रगति में तेजी लाई जाए। एमओयू प्रस्तावित निवेश उपलब्धि के संबंध में अवगत कराया गया कि कुल 1043 एमओयू हस्ताक्षरित हो चुके हैं जिसमें लगभग 508 एमओयू जीबीसी के लिए तैयार हैं। लगभग 352 ईकाइयों स्थापित हो चुकी हैं। तत्पश्चात मण्डलीय उद्योग बंधु समिति की विगत बैठक के अनुपालन एवं वर्तमान स्थिति की मंडलायुक्त महोदय द्वारा समीक्षा की गई। औद्योगिक क्षेत्र सिकंदरा में ही पूर्व निर्मित स्टोर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम में जल निकासी की समस्या के संबंध में अवगत कराया गया कि कलवर्ट एवं वर्तमान ड्रेनेज लेवल के बीच अंतर की समस्या के व्यवहारिक समाधान का परीक्षण किया जाना है। इस हेतु आयुक्त महोदय ने एडीए और नगर निगम विभाग को संयुक्त रूप से स्थलीय अध्ययन करने के निर्देश दिए। फाउण्ड्री नगर में पार्क हेतु छोड़ी गयी जमीन पर यूपीसीडा द्वारा सौन्दर्यीकरण कार्य कराए जाने के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि फेंसिग का कार्य हो चुका है, पूर्ण सौन्दर्यीकरण कार्य करने हेतु पार्क स्थल पर उपलब्ध वृक्षों (जंगली बबूल) का कटान आवश्यक है। इस हेतु विगत बैठक में आयुक्त महोदय द्वारा वन विभाग अधिकारियों के साथ सर्वे कर विस्तृत आख्या उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए गये थे लेकिन दो माह बीत जाने के बावजूद यूपीसीडा द्वारा आख्या उपलब्ध नहीं करायी गयी। इस पर आयुक्त महोदय द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी। अगले पांच दिनों में सर्वे कर पूर्ण आख्या उपलब्ध कराने अन्यथा संबंधित अधिकारी के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही अमल में लाये जाने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र नुनिहाई में जल निकासी की समस्या को लेकर आयुक्त महोदय द्वारा नगर निगम एवं यूपीसीडा अधिकारी को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर स्थायी समाधान निकालने हेतु निर्देशित किया गया। यूपीसीडा विभाग द्वारा टैक्स चार्ज ज्यादा लिए जाने के प्रकरण पर यूपीसीडा द्वारा अवगत कराया गया कि इस संबंध में मुख्यालय से पत्राचार किया गया लेकिन अभी कोई जबाव नहीं आया है, वहीं जनवरी 2025 से मार्च 2025 तक किसी आंवटी द्वारा अनुरक्षण शुल्क नगर निगम में जमा करा दिया गया है तो उसका समायोजन कर लिया जाएगा। निवेश मित्र पोर्टल के अन्तर्गत लंम्बित प्रकरणों की समीक्षा की गयी। आगरा में 5, फिरोजाबाद में 3 और मथुरा में 8 ऐसे प्रकरण हैं जो निर्धारित समय सीमा उपरांत लंबित हैं। मण्डलायुक्त महोदय द्वारा लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त की गयी एवं त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में सिकन्दरा औद्योगिक क्षेत्र, बोदला बिचपुरी औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत समस्या प्रकरण में विद्युत विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि विभागीय स्तर पर भूमिगत लाइन डालने का कार्य चल रहा है जिसके बाद इसेक्ट्रिसिटी ट्रिपिंग की समस्या नहीं होगी। वहीं घेरलू/व्यवसायिक कनेक्शन से संबंधित फीडर्स के विभाजन का कार्य के संबंध में महोदय द्वारा फीडर्स वाइस कनेक्शन की सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गये। सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में नाले की सफाई के संबंध में निर्देश दिए गये कि नगर निगम, सिंचाई विभाग एवं उद्योग बन्धु एकसाथ पूरे नाले का सर्वे कर लें, तत्पश्चात संबंधित अधिकारी एवं उद्योग बंधु की मौजूदगी में आगामी 15 दिनों में पूर्ण नाले की सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए। फतेहाबाद रोड़ पर सार्वजनिक पार्किंग स्थल प्रकरण में अवगत कराया गया कि मेट्रो विभाग द्वारा बताए गये 15 पार्किंग स्थलों का नगर निगम द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर लिया गया है। पार्किंग संचालन कराए जाने हेतु निविदा आंमत्रित की जा रही है। वहीं फतेहाबाद रोड़ पर दुकानों के सामने वाहन खड़े होने के कारण लगने वाले जाम की समस्या के निदान हेतु महोदय द्वारा ट्रैफिक पुलिस को लगातार अभियान चलाने एवं प्रभावी प्रवर्तन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गये।बैठक के अंत में उद्योग बन्धुओं द्वारा फाउण्ड्री नगर आइएसबीटी का संचालन जल्द शुरू करने, एनएच 2 पर रूनकता के पास सर्विस रोड़ कीचड़ से भरी होने पर सफाई कराए जाने, बोदला-बिचपुरी रोड़ पर अवैध रूप से पुनः लग रहे फ्राइडे मार्केट को हटाने तथा सदर बाजार से क्लार्क शिराज को जाने वाली सड़क का जीर्णोद्धार कराए जाने आदि मांग रखी गयी। आयुक्त महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर समाधान कराए जाने के निर्देश दिए गये।




