आगरा में आज जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति श्री अजय नारायण सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में की।बैठक के दौरान जनपद में संचालित क्लबों, होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों में चल रहे तरणताल यानी स्विमिंग पूल और जिम के पंजीकरण, फीस, शर्तों तथा निरीक्षण प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।इसके साथ ही जिला स्तर पर खेल संघों द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में विजयी खिलाड़ियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप खेल किट, उपकरण और सम्मान प्रदान करने का प्रस्ताव भी रखा गया।खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए खेल विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रत्येक खिलाड़ी के लिए प्रतिदिन 30 रुपये अल्पाहार मद में आरक्षित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।बैठक में क्रिकेट, शूटिंग, वॉलीबॉल, लॉन टेनिस और हॉकी जैसे खेलों के लिए कुशल प्रशिक्षकों की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। इसके लिए अंशकालिक मानदेय प्रशिक्षकों की नियुक्ति का प्रस्ताव रखा गया।शूटिंग खेल से संबंधित एयर पिस्टल, राइफल और टारगेट मशीनों की मरम्मत के साथ-साथ खराब पड़े आरओ प्लांट को ठीक कराने का प्रस्ताव भी समिति के समक्ष रखा गया।बैठक में यह भी बताया गया कि किसी भी मरम्मत या अन्य आवश्यक कार्य के लिए समिति की अनुमति आवश्यक होती है, जिससे कई बार खिलाड़ियों को असुविधा होती है। इसी को देखते हुए 5 हजार रुपये तक के आकस्मिक फंड की व्यवस्था का प्रस्ताव रखा गया, जिससे तत्काल आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कार्य कराए जा सकें।इसके अलावा तहसील स्तरीय समितियों के बैंक खाते जल्द खोले जाने और समिति की आय बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।बैठक में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, एडीआईओएस विश्व प्रताप, खंड शिक्षा अधिकारी नगर सुमित कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।




