रेलवे स्टेशन पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीआरपी आगरा कैंट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।जीआरपी पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 किलो 230 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर रेलगाड़ियों में अवैध तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है।गिरफ्तारी 20 मई 2026 को रेलवे स्टेशन आगरा कैंट क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी उड़ीसा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




