आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगरा के दीवानी न्यायालय परिसर में 1 नवंबर 2026 को मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के पूर्णकालिक सचिव पंकज कुमार-I ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर की तैयारियों की समीक्षा और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का आकलन करने के लिए 29 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे दीवानी न्यायालय परिसर स्थित नवीन सभागार कक्ष में बैठक आयोजित की जाएगी।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी शिविर की तैयारियों और अपनी-अपनी विभागीय कार्ययोजना के संबंध में जानकारी प्रस्तुत करेंगे। साथ ही शिविर को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि पात्र लाभार्थियों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।





