फिरोजाबाद। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को फिरोजाबाद में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ता हाथों में विभिन्न नारों से लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे और लगातार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों और आपत्तियों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे थे।
पैदल मार्च के जिला मुख्यालय पहुंचने पर पुलिस प्रशासन ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को मुख्यालय के अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। हालांकि, कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय के बाहर तक पहुंच गए। चैनल गेट बंद होने के कारण सपा नेता और कार्यकर्ता गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी अपनी विभिन्न मांगों और आपत्तियों को लेकर सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, पूर्व एमएलसी असीम यादव, शिकोहाबाद विधायक डॉ. मुकेश वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष राम सेवक यादव, अजीम भाई, मीना राजपूत, सत्येंद्र जैन सौली, रामप्रताप गुर्जर, हाथवंत ब्लॉक प्रमुख सुरेश यादव, जसराना के पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजीव यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुतला फूंकने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पुतला फूंकने से पहले ही उसे अपने कब्जे में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और जिला मुख्यालय के बाहर धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया।
संवाददाता: भुवनेश कुमार





