आगरा, 5 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिचपुरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डॉ. बबीता सिंह चौहान ने मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाइयों और जांच सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। दंत चिकित्सा कक्ष और नेत्र ओपीडी में मरीजों का उपचार एवं जांच होती मिली।उन्होंने एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया, जहां डिजिटल एक्स-रे मशीन सुचारू रूप से संचालित मिली। इसके साथ ही ओपीडी में मरीजों को दिए जा रहे चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की व्यवस्था भी देखी।महिला आयोग अध्यक्ष ने प्रसव कक्ष का निरीक्षण कर प्रसव सेवाओं की जानकारी ली। कक्ष की व्यवस्थाएं और साफ-सफाई निर्धारित मानकों के अनुरूप मिली। इसके बाद उन्होंने कोल्ड चेन का निरीक्षण कर नियमित टीकाकरण के लिए उपलब्ध वैक्सीन के रखरखाव की जानकारी ली। एचपीवी टीकाकरण की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें फल भी वितरित किए गए। वहीं किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए।निरीक्षण के बाद डॉ. बबीता सिंह चौहान ने सीएचसी बिचपुरी की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि सीएचसी बिचपुरी की व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप हैं और अधीक्षक व स्टाफ बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।इस दौरान डीपीओ अतुल सोनी, जय शिव छोकर, आर्यन छोकर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजवीर सिंह, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक लोकेंद्र कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डॉ. श्वेता तोमर, सत्य प्रकाश सारस्वत, अनिल कुमार मौर्य, अजय शर्मा, संजीव तिवारी, डॉ. सचिन यादव, डॉ. मीनाक्षी सिंह सहित संबंधित स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने कार्यों में उपस्थित मिले।





