आगरा, 5 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कैंप कार्यालय सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन समिति की बैठक हुई। बैठक में जल जीवन मिशन ‘हर घर नल से जल’ के तहत जनपद में संचालित विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में मैसर्स मेघा इंजीनियरिंग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 17 सीडब्ल्यूआर का कार्य करीब 99 प्रतिशत पूरा हो चुका है। कुछ स्थानों पर फिनिशिंग और हाइड्रो टेस्टिंग का कार्य शेष है। जिलाधिकारी ने पाइपलाइन बिछाने, रोड डिस्मेंटलिंग, रोड रिस्टोरेशन और मैनपावर की उपलब्धता की भी जानकारी ली।जिलाधिकारी ने मौके पर उपलब्ध मैनपावर के सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पीसीसी, स्लैब, राफ्ट वर्क और एक्सकेवेशन सहित अन्य कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को मौके पर प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक सप्ताह निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। मॉनिटरिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सहायक अभियंता और अवर अभियंता की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।बैठक में मैसर्स दारा इंजीनियरिंग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। नवीन पेयजल कनेक्शन, रीबोर और लीकेज रिपेयरिंग आदि कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नियमित रूप से क्लोरीनेशन और प्यूरिफिकेशन की टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए, जिससे पेयजल परियोजनाओं के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।इसके अलावा नमामि गंगे योजना के तहत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित अवधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगरा के विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइनों में हो रही लीकेज की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने और वॉटर लॉस रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसका उद्देश्य सभी परिवारों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) ज़ुहैर बेग, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) अविनाश कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई नीरज कुमार, डीपीआरओ मनीष कुमार, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





