आगरा। जिला सूचना कार्यालय में बुधवार को कर्मचारी श्री कोमल सिंह के सेवानिवृत्त होने पर विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूरी करने के बाद उन्होंने विभाग में करीब 40 वर्षों की सेवा पूरी की। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी श्री शीलेन्द्र कुमार शर्मा सहित कार्यालय के कर्मचारियों ने श्री कोमल सिंह को फूल माला पहनाकर भावभीनी विदाई दी और उनके सेवाकाल की सराहना की।जिला सूचना अधिकारी श्री शीलेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि श्री कोमल सिंह ने करीब चार दशक तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ विभाग की सेवा की। उन्होंने कहा कि लंबे सेवाकाल के दौरान विभाग की कार्यप्रणाली और तकनीक में कई बदलाव आए, लेकिन श्री कोमल सिंह की कार्य के प्रति निष्ठा और जिम्मेदारी में कोई कमी नहीं आई। उन्होंने कहा कि श्री कोमल सिंह समय से कार्यालय पहुंचकर अपने कार्यों को जिम्मेदारी से पूरा करते रहे और नए कर्मचारियों को भी सहयोग एवं मार्गदर्शन देते रहे। उनके सेवानिवृत्त होने से कार्यालय में उनके अनुभव और सहयोग की कमी महसूस होगी। समारोह के दौरान कार्यालय के कर्मचारियों और परिजनों ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखमय पारिवारिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर प्रधान सहायक श्री दिलशाद, कंप्यूटर ऑपरेटर श्री चंदन कुमार भारती, अनुसेवक श्री अंकित कुमार, शंभू, वाहन चालक गौरव वर्मा, नाइट वॉचमैन सत्यदेव सहित परिवारीजन मौजूद रहे।






