आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन कमिश्नरी परिसर स्थित न्यायालय आयुक्त कक्ष संख्या-4 में प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए और दाखिल किए। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल चार प्रत्याशियों—हरि किशोर तिवारी, रण विजय यादव, ब्रह्मजीत सिंह और रामू प्रसाद—ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। वहीं भोज कुमार शर्मा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी तरह स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शशांक यादव, एल्डरेन सिंह और दक्ष कुमार ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। निर्वाचन को लेकर प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों की व्यवस्था भी प्रस्तावित की गई है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 27 तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 46 मतदान केंद्र प्रस्तावित हैं। बिचपुरी और कटरा बजीर खां के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या निर्धारित मानक से अधिक होने के कारण एक-एक सहायक मतदेय स्थल बनाए जाने की प्रस्तावना की गई है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जूनियर हाईस्कूल नगर निगम बजीरपुरा का भवन जर्जर होने के कारण उसी मतदान क्षेत्र में स्थित सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज, बजीरपुरा रोड को नया मतदान केंद्र बनाए जाने की प्रस्तावना की गई है।29 सितंबर से शुरू हुई नामांकन प्रक्रियानिर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी की गई। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी और 31 अक्टूबर तक निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी।नामांकन न्यायालय आयुक्त कक्ष संख्या-4 में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जा सकेगा। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए ₹10,000 तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए ₹5,000 जमानत राशि निर्धारित है। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कासगंज, हाथरस, औरैया और कन्नौज जिले शामिल हैं। निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता के संबंधित प्रावधान भी लागू हो गए हैं।आगरा मंडलायुक्त को आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, अपर आयुक्त राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधार चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






