आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित श्री 1008 चंद्र प्रभ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर को भव्य स्वरूप देने की दिशा में मंदिर समिति ने पहल शुरू कर दी है। समिति पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह को पत्र सौंपकर मंदिर के लिए भव्य मुख्य प्रवेश द्वार (मंदिर गेट) बनवाने की मांग की है।
समिति पदाधिकारियों का कहना है कि मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। धार्मिक आयोजनों के दौरान भी बड़ी संख्या में समाजबंधु मंदिर परिसर में एकत्र होते हैं। ऐसे में मंदिर का भव्य और आकर्षक मुख्य प्रवेश द्वार बनने से मंदिर की सुंदरता और भव्यता बढ़ेगी। साथ ही ट्रांस यमुना क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
इसी अवसर पर मंदिर परिसर में वार्षिक कलशाभिषेक एवं क्षमावाणी महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। जैन समाज के लोगों ने भगवान चंद्र प्रभु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। कार्यक्रम में ‘क्षमावीरस्य भूषणम्’ अर्थात ‘क्षमा वीरों का आभूषण है’ का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
क्षमावाणी पर्व के दौरान समाजबंधुओं ने एक-दूसरे से क्षमा याचना करते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और अहिंसा की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। समिति परिवार की ओर से भी सभी समाजजनों को क्षमावाणी पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।
वहीं, श्री 1008 चंद्र प्रभु दिगंबर जैन पंचायती मंदिर समिति की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का भी गठन किया गया है। इसमें जितेंद्र जैन ‘बंटी’ को अध्यक्ष, धर्मेंद्र कुमार जैन को महामंत्री, राजीव जैन को कोषाध्यक्ष और विप्लव जैन को प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने मंदिर के धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने, समाज को एकजुट करने और मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र भी है। मंदिर का विकास होने से आने वाली पीढ़ियों को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष जितेंद्र जैन ‘बंटी’, महामंत्री धर्मेंद्र कुमार जैन, राजीव जैन, विप्लव जैन, प्रशांत जैन, संदीप जैन, मोहित जैन, आशीष जैन, अंकित जैन, शेखर जैन, पंकज जैन, दिनेश बाबू जैन, कैलाश चंद जैन तथा श्रीमती प्रीति जैन, पारुल जैन, खुशबू जैन, शिप्रा जैन, सोनम जैन, संगीता जैन एवं शर्मिष्ठा जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
समिति परिवार की ओर से शीतल प्रसाद जैन एवं जितेंद्र जैन ‘बंटी’ ने क्षमावाणी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षमा वीरों का आभूषण है और क्षमा की भावना समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करती है।
संवाददाता: राम माहौर








