आगरा। जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल के निर्देशन में विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सोमवार, 21 सितंबर 2026 को बमरौली अहीर क्षेत्र में विद्युत विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुबह करीब 5 बजे सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई धनौली फीडर से पोषित हाई लॉस फीडर एवं हाई लॉस ग्रामों में की गई।
उपजिलाधिकारी श्री संतोष शुक्ला और अधिशासी अभियंता, कमला नगर के नेतृत्व में डिप्टी कलेक्टर (ताज सुरक्षा) की देखरेख में अभियान चलाया गया। अभियान में उपखंड अधिकारी शीलवंत सिंह, राकेश कुमार, अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार, नितेश कुमार, प्रभारी अवर अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार, पंकज कुमार, टीजी-2 अनिल कुमार, प्रवीण कुमार और अरुण कुमार सहित विद्युत विभाग के करीब 20 संविदाकर्मी शामिल रहे। वहीं मलपुरा थाना पुलिस की ओर से चार उपनिरीक्षक और करीब 20 पुलिसकर्मी भी अभियान में मौजूद रहे।
संयुक्त टीम ने बमरौली अहीर क्षेत्र में करीब 350 विद्युत उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच की। जांच के दौरान 55 उपभोक्ता अवैध रूप से विद्युत का उपयोग करते हुए पाए गए। विद्युत विभाग के अनुसार इन सभी के विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विभाग की ओर से बताया गया कि 55 लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी निरोधक थाना, कमला नगर, आगरा में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही नियमानुसार जुर्माना लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने विद्युत बिलों का समय से भुगतान करें और किसी भी प्रकार से विद्युत चोरी न करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी के मामलों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





