बाह। सेवा संकल्प सप्ताह के अंतर्गत अभिनव विद्यालय, बिजौली, बाह में विकास खंड बाह के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर सामूहिक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भारत के उज्ज्वल भविष्य और विकसित राष्ट्र की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता का आयोजन 18 सितंबर 2026 को विद्यालय स्तर पर नोडल शिक्षकों की निगरानी में आयोजित प्रतियोगिता के प्रथम पांच प्रतिभागियों के बीच कराया गया। कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी बाह धर्मराज सरोज के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक रानी पक्षालिका सिंह भदावर ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्रथम 100 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख बाह लाल सिंह चौहान, भगत सिंह, विधायक प्रतिनिधि चंदू भदौरिया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कैप्टन महेश कठेरिया, नारायण सिंह भदौरिया, आकाश भदौरिया और सोनू प्रधान सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत, स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को चित्रों के माध्यम से जीवंत रूप दिया। बच्चों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नितिन यादव, डॉ. राजकुमार, अतुल, ब्लॉक संयोजक यूटा श्रीकांत दुबे, ब्लॉक अध्यक्ष राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ शिव कुमार शर्मा, रणवीर त्यागी, लिपिक आशुतोष शर्मा, सुशील कुमार, फतेह सिंह, राजेश शर्मा, हेमंत कुमार, मनीष दुबे, सत्य प्रकाश और अमित लवानिया सहित शिक्षक साथियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं और सपनों को रचनात्मक रूप से व्यक्त करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता ने बच्चों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और विकसित भारत के निर्माण की भावना को प्रोत्साहित किया






