आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में विद्युत चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार सुबह सैंया थाना क्षेत्र के हाई लॉस फीडरों और हाई लॉस वाले गांवों में मॉर्निंग रेड की कार्रवाई की गई। डिप्टी कलेक्टर (ताज सुरक्षा) के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से सुबह करीब 5 बजे कई परिसरों की जांच की।
अभियान के दौरान ग्राम सैंया के त्यागी मोहल्ला, गुर्जर मोहल्ला, सैंया कस्बा, मस्जिद के सामने, बीच वाली बस्ती, बघेल बस्ती, पुरा महाराज सिंह सहित ग्राम वीरई में विद्युत कनेक्शनों और परिसरों की जांच की गई। जांच के दौरान विद्युत चोरी के मामले सामने आने पर कुल 42 लोगों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत विद्युत चोरी निरोधक थाना, कमलानगर आगरा में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विभाग की ओर से संबंधित मामलों में नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है। अभियान के दौरान एसडीओ अरविंद कुमार, एसडीओ हिमांशु गुप्ता, जेई विजय कुमार, जेई विकास विश्वकर्मा, जेई संगम चौरसिया, टीजी-2 हरवीर सिंह, नरेंद्र सिंह, प्रवीण सारस्वत, धर्मेंद्र कल्याण सहित विभागीय कर्मचारी, संविदाकर्मी और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हाई लॉस फीडरों और हाई लॉस वाले गांवों में विद्युत चोरी की नियमित जांच के लिए प्रशासन की ओर से निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सुबह और शाम नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बकायेदार उपभोक्ता अपने विद्युत बिल का समय से भुगतान करें और किसी भी तरह की विद्युत चोरी से बचें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी के मामलों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





