संवाददाता कासिम मलिक
फतेहाबाद। उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय परिसर में शुक्रवार को त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम एवं उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम 2026-27 के तहत कृषक गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मक्का और श्रीअन्न की उन्नत खेती के साथ प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को खेती में रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग को कम करने तथा प्राकृतिक संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग करने की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने से खेती की लागत को कम करने के साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
गोष्ठी में किसानों को मक्का और श्रीअन्न की खेती में आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल, बेहतर उत्पादन तथा फसल प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से खेती में वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक तरीकों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेश चौहान ने की, जबकि संचालन सलीम अली खान ने किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं गोदाम प्रभारी राजवीर सिंह रहे। इस दौरान किसानों ने अपनी कृषि संबंधी समस्याएं अधिकारियों एवं कृषि विशेषज्ञों के समक्ष रखीं, जिन पर उन्हें आवश्यक जानकारी और सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर डॉ. सतेन्द्र कुमार भाटी, अजय जादौन, मुनीश गुर्जर, महिपाल सिंह, जावेद खान, जितेश सोलंकी, अजीत सिंह, कुलदीप शर्मा, भुवनेश गौतम, धीरज चौधरी और अजयकांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
संवाददाता: कासिम मलिक





