आगरा, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई। इसी क्रम में आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मनकामेश्वर मंडल स्थित अचल भवन, दरेसी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद के लिए अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
पीएम मोदी का जीवन राष्ट्र और जनकल्याण को समर्पित: योगेंद्र उपाध्याय
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है, क्योंकि सेवा संगठन के मूल मंत्रों में शामिल है। मंत्री ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन बचाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं और युवाओं का आभार व्यक्त किया।
एक माह तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
आयोजकों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान रक्तदान शिविरों के साथ स्वास्थ्य परीक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और अन्य सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
दरेसी में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की गई।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से धीरज जैन, डॉ. अलौकिक उपाध्याय, संजय शर्मा, दीपक खरे, अनुराग चतुर्वेदी, अनुज शर्मा, राहुल शर्मा, अमर गुप्ता, रोबिन गुप्ता और संजीव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाददाता: राकेश शर्मा






