आगरा। वार्ड नंबर 50 के चीनी का रोजा क्षेत्र स्थित राजकीय स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल केयर यूनिट के पुनर्निर्माण कार्य का बुधवार, 16 सितंबर 2026 को शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह चौहान और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने मेडिकल केयर यूनिट के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह चौहान ने बताया कि मेडिकल केयर यूनिट का पुनर्निर्माण कार्य नगर निगम द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्य जल्द शुरू कराकर इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
पुनर्निर्माण के बाद क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। मेडिकल केयर यूनिट में विशेष रूप से टीबी मरीजों के लिए ओपीडी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। मेडिकल केयर यूनिट के पुनर्निर्माण से आसपास के लोगों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद सुनीता चौहान, मंगल सिंह चौहान, संघ चालक ओमप्रकाश शर्मा, सीता नगर मंडल अध्यक्ष गजेंद्र वर्मा, महामंत्री ब्रजेश शर्मा, मोहन सिंह, सोनू जाट, सौरभ निमेष, अनिल शर्मा, रामबाग मंडल अध्यक्ष मनीष अवस्थी, महामंत्री दिलीप शर्मा, प्रांशु, मनोज चौहान सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।





