आगरा। आगरा मेट्रो परियोजना कार्यालय में हिंदी दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्वक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिंदी भाषा के प्रति अपने सम्मान और जुड़ाव को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतियोगिताओं में सुलेख, प्रश्नोत्तरी, अनुवाद, निबंध लेखन और भाषण सहित कई प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। आगरा मेट्रो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर इनमें हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों ने प्रशासनिक एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी भाषा के अधिक से अधिक प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा हिंदी को आगे बढ़ाने की शपथ भी ली। इस अवसर पर परियोजना निदेशक श्री अरविंद राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा कि हिंदी पखवाड़े का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में हिंदी भाषा के अधिक से अधिक प्रयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी को प्रोत्साहित करने और कार्यालयों में इसके प्रयोग को और व्यापक बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन प्रत्येक वर्ष हिंदी पखवाड़े का आयोजन करता है।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा 14 से 28 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान लखनऊ, कानपुर और आगरा स्थित यूपीएमआरसी के सभी कार्यालयों में हिंदी भाषा के अधिक से अधिक प्रयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।इसी क्रम में हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करने के लिए 29 सितंबर को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।





