आगरा। ताजनगरी के खटीक पाड़ा क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया। खटीक समाज के आराध्य संत बाबा दुर्लभ नाथ जी की स्मृति में बनने वाले भव्य स्मृति द्वार के निर्माण का विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया।केपी हॉस्पिटल के पास स्थित खटीक समाज कम्युनिटी हॉल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा एवं कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर स्मृति द्वार निर्माण की आधारशिला रखी।भूमि पूजन के दौरान पूरा क्षेत्र संत बाबा दुर्लभ नाथ के जयकारों से गूंज उठा। समाज के बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने इस पहल का जोरदार स्वागत किया। लंबे समय से चली आ रही मांग के पूरा होने पर खटीक समाज के लोगों ने कैबिनेट मंत्री का आभार जताया।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि संतों की विरासत हमारी सांस्कृतिक पहचान है। संत बाबा दुर्लभ नाथ का जीवन और उनके विचार समाज को सदैव सही राह और समरसता का संदेश देते हैं। उनकी स्मृति में बनने वाला यह द्वार खटीक समाज के साथ-साथ पूरे आगरा के लिए गौरव की बात है।कार्यक्रम में खटीक समाज के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने कैबिनेट मंत्री का साफा बांधकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि यह स्मृति द्वार सिर्फ एक निर्माण नहीं, बल्कि समाज के गौरव, आत्मसम्मान और आस्था का प्रतीक बनेगा।कार्यक्रम में संत श्री दुर्लभ नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष शिवकुमार राजौरा समेत समाज के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अश्विनी शर्मा ने किया।वहीं, इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने के लिए खटीक पाड़ा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।





