आगरा, रक्षाबंधन के पावन अवसर पर दृष्टिबाधित आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने जिलाधिकारी मनीष बंसल की कलाई पर राखी बांधी। जिलाधिकारी ने छात्राओं के स्नेह को स्वीकार करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं, खान-पान और रहने की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।जिलाधिकारी ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा वाली ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना शुरू की गई है।इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सभी बसों में महिलाओं को एक सहयात्री के साथ 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। जिलाधिकारी ने महिलाओं से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को बाजारों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, व्यवस्थित पार्किंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पर्व के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।





