आगरा में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, आगरा द्वारा एस.एन. मेडिकल कॉलेज में “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल रहे।प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने युवाओं से खेलों से जुड़ने, नियमित फिटनेस अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, आगरा डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने की। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण का भी सशक्त माध्यम हैं।एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल, योग, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को अधिक से अधिक खेलों से जुड़ने और नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।इस दौरान शूटिंग स्पोर्ट्स पर्सन डॉ. हिमालय ने युवाओं के साथ संवाद किया और अपने खेल अनुभव साझा किए। उन्होंने शूटिंग में सफलता के लिए एकाग्रता, अनुशासन, निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और धैर्य को महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम में एस.एन. मेडिकल कॉलेज के स्टाफ, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और कई खेल प्रतिभाओं ने सहभागिता की। मेरा युवा भारत, आगरा के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष सहयोग दिया।कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेल, फिटनेस, स्वास्थ्य, अनुशासन और नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।






