आगरा में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने दिव्यांगजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट पहुंचे दिव्यांगजनों ने आवास, अंत्योदय राशन कार्ड, पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने समेत कई मांगें जिलाधिकारी के सामने रखीं।दिव्यांगजनों ने एएलआईएमसीओ से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण, दिव्यांग पेंशन बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने और 200 यूनिट मुफ्त बिजली दिए जाने की भी मांग की। एएलआईएमसीओ से जुड़े लंबित मामलों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।वहीं, पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जल्द ही जनपद स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से आवास योजना, अंत्योदय कार्ड, पेंशन समेत अन्य योजनाओं के आवेदन कराए जाएंगे और पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार लाभ दिलाया जाएगा।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने साफ निर्देश दिए हैं कि दिव्यांगजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और किसी भी पात्र लाभार्थी को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए।





