आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कोठी मीना बाजार के पास निर्माणाधीन साइंस पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को काम में तेजी लाने और निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साइंस पार्क का ले-आउट प्लान देखा और निर्माणाधीन भवनों का मौके पर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 11,149 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 39.62 करोड़ रुपये की लागत से साइंस पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी परखी। मौके पर सीमेंट और बालू के अनुपात तथा सिल्ट कंटेंट की जांच के लिए जार टेस्ट कराया गया। साथ ही सभी निर्माण कार्यों के रिकॉर्ड के लिए रजिस्टर तैयार करने और प्रत्येक कॉलम की कास्टिंग से पहले अनिवार्य रूप से क्यूब टेस्ट कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि साइंस पार्क विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच विकसित करने का आकर्षक केंद्र बनना चाहिए। उन्होंने गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।गौरतलब है कि हाईटेक साइंस पार्क में प्लेनेटेरियम और स्पेस साइंस गैलरी, डायनासोरियम, फन विद साइंस गैलरी, एमर्जिंग एवं डिजिटल टेक्नोलॉजी गैलरी, एंसिएंट इंडियन साइंस गैलरी और एक्वा पार्क जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।इसके अलावा परिसर में एग्जिबिशन हॉल, साइंस वर्कशॉप हॉल, टिकट काउंटर, पार्किंग, क्लॉक रूम, कैफेटेरिया और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।यह साइंस पार्क बच्चों और विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीक की दुनिया से जोड़ने के साथ-साथ शैक्षिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देगा।






