फिरोजाबाद में 26 अगस्त को निकलने वाले जश्ने ईद मिलादुन्नबी यानी जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और नगर आयुक्त प्रशांत नागर के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया।नगर आयुक्त प्रशांत नागर के निर्देश पर नगर निगम के जेई अजीत कुमार सिंह अपनी टीम के साथ करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान, जुलूस-ए-मोहम्मदी के सदर हाफिज अरशद रजवी, दक्षिणी क्षेत्र के सदर सूफी जमील नासिर अबरारी और मौलाना आरिफ साहब समेत अन्य लोगों के साथ दोनों जुलूसों के मार्गों पर पहुंचे।निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे, जलभराव, खुले मैनहोल और खराब मरकरी लाइट की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने इन समस्याओं को चिन्हित कर समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि जुलूस के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।रसूलपुर क्षेत्र से निकलने वाले जुलूस के मार्ग में मदरसा रिजविया बीपीएल, नैनी ग्लास चौराहा, दोनों सर्विस रोड, जाटवपुरी चौराहा, बसिया मस्जिद, आकाशवाणी रोड, रामगढ़ रोड, कोहिनूर रोड, 60 फुटा कश्मीरी गेट, कादरी मस्जिद, अब्बास नगर, हसमत नगर, चिश्ती नगर, उर्दू नगर, छापरिया, हबीबगंज, नगला बरी चौराहा, शीतल खान, भाटिया चौराहा, सर्कुलर रोड, हुसैनी मोहल्ला और आगा साहब मस्जिद तक निरीक्षण किया गया।इसके बाद थाना दक्षिण क्षेत्र से निकलने वाले जुलूस के मार्ग का भी जायजा लिया गया। यह मार्ग शाही मस्जिद, कटरा पठानान, मोहल्ला कोटला, पजावा, राजाराम की पुलिया, मुस्ताक बिल्डिंग, नई बस्ती, करबला चौराहा, स्टेशन रोड, गांधी पार्क चौराहा, सदर बाजार, नालबंद, उर्वशी रोड, राजपूताना और छपेटी होते हुए शाही मस्जिद तक निर्धारित है।अधिकारियों ने बिजली, पानी, सड़क, साफ-सफाई, जलभराव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। साथ ही जश्ने ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के लिए पल-पल की व्यवस्थाओं पर नजर रखने की बात कही गई है।नगर निगम और पुलिस-प्रशासन ने लोगों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि दोनों त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न कराया जा सके।
। संवाददाता: भुवनेश कुमार





