मण्डल आयुक्त श्री नगेंद्र प्रताप जी की अध्यक्षता में सभागार में लेखपालों, कानूनगो, तसीलदार व अन्य राजस्व कर्मियों को जीपीएस आधारित रोवर मशीन का दिया गया प्रशिक्षण

आगरा. 23/04/2026. ऊ० प्र० शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में भूमि पैमाइश और सीमांकन के कार्यों में पारदर्शिता और सटीकता लाने के लिए लेखपालों और राजस्व कर्मियों को जीपीएस आधारित रोवर मशीन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में आयुक्त कार्यालय स्थित सभागार में आगरा मण्डल के चारों जनपदों के लेखपाल और राजस्व कर्मियों के प्रशिक्षण हेतु तीन दिवसीय शिविर (22 से 24 अप्रैल तक) का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के पहले दिन आगरा जनपद जबकि आज दूसरे दिन मण्डल आयुक्त श्री नगेंद्र प्रताप जी की अध्यक्षता में मथुरा जनपद के समस्त लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार सहित राजस्व कर्मियों को जीपीएस आधारित रोवर मशीन का प्रशिक्षण दिया गया। कल अंतिम दिन फिरोजाबाद और मैनपुरी जनपद के राजस्व कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राजस्व कर्मियों को जीपीएस आधारित रोवर मशीन का प्रशिक्षण दे रहे सीनियर एप्लीकेंट अभिषेक कुमार और सीनियर मैनेजर संजय गुप्ता ने मण्डल आयुक्त महोदय के समक्ष रोवर मशीन का डेमो प्रशिक्षण देते हुए जानकारी दी कि किस प्रकार से फील्ड में जाकर रोवर मशीन का इंस्टालेशन, सेटिंग और जीपीएस से कनेक्टिंग करनी है जिससे भूमि की सटीक पैमाईश की जा सके। उन्होंने मशीन के संचालन की बारीकियां भी सिखाईं।
मण्डल आयुक्त महोदय ने बताया कि इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से पैमाइश करने से मानवीय त्रुटि की संभावना शून्य हो जाती है। डिजिटल माध्यम से होने वाली इस पैमाइश से भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है। मास्टर ट्रेनर के माध्यम से लेखपालों, कानूनगो और अन्य राजस्व कर्मचारियों को रोवर मशीन को संचालित करने, डेटा एकत्र करने और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।



