आगरा में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को लेकर आज शास्त्रीपुरम के ब्लॉक-डी पार्क में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रोफेसर एस.पी. सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम, विधायक चौधरी बाबूलाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह और मुख्य वन संरक्षक अनिल पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें। साथ ही उन्होंने ‘रोपण दिवस’ के साथ ‘पोषण दिवस’ मनाने का भी सुझाव दिया, ताकि लगाए गए पौधे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रह सकें।उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृभूमि के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे परिवार के सदस्य की तरह संरक्षण देना भी हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का आह्वान किया।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि आगरा में इस वर्ष करीब 53 लाख 94 हजार पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि जनपद का हरित आवरण बढ़ाने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने स्कूली बच्चों से भी पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि एक महीने बाद जनपद में ‘पोषण अभियान’ और ‘पोषण-डे’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगाए गए पौधों की जीवितता की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों की भागीदारी से समितियां भी बनाई जाएंगी।कार्यक्रम में स्काउट-गाइड के स्वयंसेवकों और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। इसके बाद नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शारदा यूनिवर्सिटी में 5 हजार पौधों के वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ भी किया।





