फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के कदमखंडी जैंगारा में ग्रामीण विकास को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री त्वरित विकास योजना के तहत लगभग 58 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उत्सव भवन का रविवार को सांसद राजकुमार चाहर ने क्षेत्र के बुजुर्गों और वरिष्ठजनों के करकमलों से विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास कराया।हवन-पूजन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि यह उत्सव भवन क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।उन्होंने बताया कि भवन में दो कमरे, एक बड़ा हॉल, स्नानघर, शौचालय तथा मीठे पानी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को विवाह, सामाजिक कार्यक्रम, बैठकों और अन्य आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने विश्वास जताया कि उत्सव भवन के निर्माण से कदमखंडी, जैंगारा सहित आसपास के गांवों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक लवानिया ने की, जबकि संचालन महावीर सिंह ने किया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





