आगरा में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर शहीद स्मारक प्रांगण में अभिलेख एवं चित्र प्रदर्शनी तथा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाजन विभीषिका से विस्थापित परिवारों के सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही, विभाजन की त्रासदी में प्राणोत्सर्ग करने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार के सौजन्य से आयोजित प्रदर्शनी में विभाजन के समय की घटनाओं से संबंधित फोटो, अखबारों की कतरनें, साहित्य, राजकीय अभिलेख और विस्थापित परिवारों की संरक्षित सामग्री प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी को विस्थापित परिवारों के सदस्यों के साथ आमजन ने भी देखा।कार्यक्रम में विभाजन से विस्थापित परिवारों के सदस्यों ने अपनी पीड़ा और संघर्ष की दास्तां साझा की। उनकी आपबीती सुनकर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। इस दौरान विभाजन की त्रासदी पर आधारित लघु नाट्य का भी प्रस्तुतीकरण किया गया।मुख्य अतिथि विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को देश के विभाजन के दौरान झेली गई भीषण त्रासदी से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल अतीत को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सौहार्द को और मजबूत करने का संकल्प लेने का दिन है।सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को मिली स्वतंत्रता के पीछे देशवासियों ने बहुत बड़ी पीड़ा और कीमत चुकाई थी। विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर-बार, जमीन-जायदाद और व्यापार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद विभाजन पीड़ित परिवारों ने संघर्ष और परिश्रम से अपने जीवन को दोबारा खड़ा किया और आज देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।कार्यक्रम में विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक चौधरी बाबूलाल, महापौर हेमलता दिवाकर और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विभाजन पीड़ित परिवारों के सदस्य और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।






