आगरा फतेहाबाद रोड स्थित आईटीसी मुगल होटल में किस्से आगरा से संस्था की ओर से लिटिल रनवे स्टार्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 45 नन्हे बच्चों ने रैंप पर अपनी प्रतिभा, मासूमियत और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ उद्यमी डॉ. रंजना बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बच्चों ने अलग-अलग परिधानों में रैंप वॉक कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। किसी बच्चे ने हाथ हिलाकर तो किसी ने नमस्कार कर अपनी प्रस्तुति दी।संस्था की संस्थापिका सुरुचि शर्मा ने बताया कि हर बच्चे को अपने सपने देखने और उन्हें पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित समाज के बच्चों को भी मंच देने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि रैंप पर बच्चों की पहचान उनकी आर्थिक या सामाजिक पृष्ठभूमि से नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा और मुस्कान से हुई।कार्यक्रम में 0 से 5, 5 से 10 और 10 से 15 वर्ष की आयु वर्ग में कुल 45 बच्चों ने रैंप वॉक किया। बच्चों ने अलग-अलग परिधानों में अपनी प्रतिभा दिखाई और अपनी मासूम अदाओं से सभी का दिल जीत लिया।रैंप वॉक के बाद जजों ने बच्चों से उनकी हॉबी, पसंदीदा खेल, विषय, अभिनेता और परिवार से जुड़े सवाल भी पूछे। बच्चों ने बेहद सहज अंदाज में जवाब दिए, जिससे कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान आ गई।संस्था से जुड़े रोहन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम से प्राप्त राशि का उपयोग आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित बच्चों की शिक्षा के लिए किया जाएगा।बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर उनके माता-पिता और दादा-दादी भी काफी उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम में निधि सिंह, स्पर्श बंसल, वैशाली भदौरिया, रिचा बंसल, अंजलि गोयल, शीना जैन और प्रतिभा भार्गव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान नन्हे मॉडलों का आत्मविश्वास, मासूमियत और शानदार रैंप वॉक आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा।





