उत्तर प्रदेश शासन ने आगरा निवासी श्रीमती नीरू बंसल को पूरे उत्तर प्रदेश के लिए राज्य समुचित प्राधिकारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश के महामहिम राज्यपाल की अधिसूचना के तहत की गई है।परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत PCPNDT एक्ट 1994 के तहत राज्य समुचित प्राधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह प्राधिकरण गर्भाधान-पूर्व और प्रसव-पूर्व लिंग जांच तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए राज्य स्तर पर कार्य करता है। साथ ही जिला स्तरीय प्राधिकारियों के कार्यों की निगरानी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी करता है।अपनी नियुक्ति पर नीरू बंसल ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ’ के संकल्प को प्रभावी बनाने के लिए वह पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर परिवार को बेटियों को उच्च शिक्षा देकर आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए प्रयास करना चाहिए। इसके साथ ही सामाजिक संस्थाओं से स्कूल-कॉलेजों और समाज में जागरूकता कार्यक्रम एवं संगोष्ठियां आयोजित करने की अपील की।नीरू बंसल ने इस अभियान में चिकित्सकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने बताया कि अपर मुख्य सचिव श्री अमित घोष ने उन्हें समयबद्ध मार्गदर्शन का आश्वासन दिया है।उनकी नियुक्ति पर महापौर हेमलता दिवाकर, बरेली महापौर उमेश गौतम, केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पूर्व मंत्री उदयभान सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. राम बाबू हरित सहित कई गणमान्य लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।इसके अलावा डीजीसी धर्मेंद्र वर्मा, डॉ. संदीप अग्रवाल, भरत शर्मा तथा रेडियोलॉजिस्ट एसोसिएशन के डॉ. सुभाष बालियान, तनुज गर्ग और आगरा की डॉ. संजना अरोरा ने भी नीरू बंसल को बधाई दी।

i




