आगरा में शनिवार को तहसील सदर में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसे निस्तारण की पूरी जानकारी भी दी जाए। साथ ही, स्थलीय निरीक्षण के बाद विस्तृत आख्या पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए।तहसील दिवस के दौरान कुल 139 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व, पुलिस, नगर निगम, आगरा विकास प्राधिकरण, टोरेंट पावर, पेंशन, राशन, अवैध अतिक्रमण, नाली निर्माण और चकरोड निर्माण जैसे विभिन्न विभागों से जुड़े मामले शामिल रहे।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, डीसीपी सैयद अली अब्बास, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, तहसीलदार सत्येंद्र कुमार, नायब तहसीलदार प्रियंका चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।फिलहाल, प्रशासन का कहना है कि सभी लंबित शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।





