आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली है। अवधपुरी की शिव विहार कॉलोनी में मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा एवं कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन किया और क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात दी।भूमिपूजन के बाद कैबिनेट मंत्री ने शिव विहार कॉलोनी में जन चौपाल लगाकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, गड्ढामुक्त सड़कें और नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।जन चौपाल को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।कार्यक्रम में वार्ड 73 की पार्षद मीनाक्षी वर्मा, मुरारी लाल शर्मा, संतोषी लाल, संजय शर्मा, बबलू चाहर, दिलीप सक्सेना, रविन्द्र पचौरी सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया और सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से बरसात के दौरान जलभराव और कीचड़ की समस्या से राहत मिलेगी, साथ ही आवागमन भी पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित होगा





