मा. अध्यक्ष महोदया, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, नई दिल्ली, साध्वी निरंजन ज्योति द्वारा आगरा मंडल के अंतर्गत सामाजिक एवं शैक्षिक दृष्टि से पिछड़े वर्गों के कल्याणार्थ संचालित आरक्षण व्यवस्था, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं अन्य उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक हुई संपन्न। माननीय अध्यक्ष,राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने संबंधित अधिकारियों को ओबीसी आरक्षण के शत-प्रतिशत अनुपालन के दिए निर्देश आगरा. 15.06.2026/आज माननीय अध्यक्ष महोदया, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, नई दिल्ली, साध्वी निरंजन ज्योति द्वारा आगरा स्थित अतिथि गृह, तहसील फतेहाबाद, आगरा में आगरा मंडल के अंतर्गत सामाजिक एवं शैक्षिक दृष्टि से पिछड़े वर्गों के कल्याणार्थ संचालित आरक्षण व्यवस्था, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं अन्य उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक की गई।बैठक में माननीय अध्यक्ष महोदया द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक उत्थान हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान ओबीसी आरक्षण का प्रभावी एवं पारदर्शी अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरक्षण संबंधी समस्त प्रावधानों का पूर्णतः पालन किया जाए तथा भर्ती, पदोन्नति एवं अन्य संबंधित प्रक्रियाओं में शासनादेशों के अनुरूप आरक्षण व्यवस्था का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि विभागों में की जाने वाली आउटसोर्सिंग, संविदा अथवा अन्य किसी भी प्रकार की भर्ती प्रक्रियाओं में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए निर्धारित आरक्षण व्यवस्था का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा आरक्षण संबंधी प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही आरक्षण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के हितों से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक के दौरान माननीय अध्यक्ष महोदया, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा निर्देश दिये गये कि शिक्षा विभाग के द्वारा शिक्षा के अधिकार के तहत, गरीब व्यक्तियों के बच्चों के नियमानुसार शत प्रतिशत प्रवेश कराते हुये आकस्मिक रूप से शिक्षण संस्थान का निरीक्षण कर यह भी सुनिश्चित किया जाए, कि किसी भी गरीब बच्चे का शोषण ना होने पाए।बैठक में नॉन-क्रीमीलेयर प्रमाण-पत्रों के निर्गमन, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति, लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच, शिकायतों के निस्तारण, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें।माननीय अध्यक्ष महोदया ने विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पिछड़े वर्गों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आरक्षण व्यवस्था के सुदृढ़ अनुपालन तथा जनहित से जुड़े प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर विशेष बल दिया। बैठक के अंत में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत सूचनाओं एवं प्रगति रिपोर्टों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा पिछड़े वर्गों के सर्वांगीण विकास हेतु शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने का निर्देशित किया गया।बैठक में श्री नागेन्द्र प्रताप, आयुक्त, आगरा मंडल, आगरा, श्री दीपक कुमार, पुलिस आयुक्त, आगरा, अपर आयुक्त पुलिस, आगरा, श्री मनीष बंसल, जिलाधिकारी, आगरा, श्री शैलेश श्रीवास्तव, उपनिदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, आगरा मंडल, आगरा, स्वाति शर्मा, उपजिलाधिकारी, फतेहाबाद, श्रीमती विजय लक्ष्मी मौर्या, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, आगरा, श्री राजेश बघेल, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, मैनपुरी सहित मंडल एवं जनपद स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





