फतेहाबाद तहसील क्षेत्र के गांव चर्रपुरा में जल निकासी को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। गांव में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी, जिसके समाधान के लिए एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और पानी निकासी का कार्य शुरू कराया।इस दौरान ग्रामीण महिलाओं और किसानों ने विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि गांव का गंदा पानी निजी खेतों की ओर मोड़ा जा रहा है, जिससे उनकी फसलों को नुकसान होगा। विरोध बढ़ने पर महिलाओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के ब्लॉक अध्यक्ष रामलाल वर्मा ने आरोप लगाया कि अशोक कुमार और चंद्रमोहन के खेतों की ओर पूरे गांव का पानी छोड़ा जा रहा था, जिसका किसानों ने विरोध किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।स्थिति तनावपूर्ण होने पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भाकियू (अराजनैतिक) के ब्लॉक अध्यक्ष रामलाल वर्मा को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। सूचना मिलने पर संगठन के पदाधिकारी भी थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से वार्ता की। करीब एक घंटे बाद रामलाल वर्मा को रिहा कर दिया गया।पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने जल निकासी का कार्य पूरा कराया और जलभराव की समस्या के समाधान का दावा किया। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।
संवाददाता: कसिम मलिक





