ताज महल मेट्रो स्टेशन पर आगरा मेट्रो द्वारा मनाया गया विश्व तंबाकू निषेध दिवस नुक्कड़ नाटक एवं पोस्टर के जरिए तम्बाकू के नकारात्मक प्रभावों को लेकर लोगों को किया जागरूक*आगरा। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने ताज महल मेट्रो स्टेशन पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम के जरिए यूपी मेट्रो एवं शांति मांगलिक कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने जनता के बीच तंबाकू मुक्त और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।इस कार्यक्रम के अंतर्गत, शांति मंगलिक नर्सिंग संस्थान के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और तंबाकू सेवन के मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों को उजागर करते हुए पोस्टर एवं जानकारीपूर्ण भाषण के जरिए लोगों को जागरूक किया। काजल, हिमानी, दीक्षा ने भाषण देकर तंबाकू सेवन के नुकसान बताए । इस बार के थीम ‘निकोटीन एवं टोबेको एडिक्शन’ पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं ने बताया की तंबाकू सेवन से ना सिर्फ व्यक्ति, बल्कि उसका परिवार भी प्रभावित होता है एवं कैंसर व हृदय रोग के आसार दुगने हो जाते हैं । वहीं आज के समय में युवाओं में ‘वेपिंग’ की बढ़ती प्रवत्ति पर भी प्रकाश डाला। वहीं अंशिका, तेजस्विनी एवं श्रेया के द्वारा ‘तंबाकू के दुष्प्रभाव’ पर बनाये गए पोस्टर पुरस्कृत किए गए ।इसी क्रम में राहुल, सुरभि, नेहा आदि ने इस विषय पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया । छात्राओं ने तंबाकू की लत के व्यक्तियों और उनके परिवारों पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को दर्शाते हुए नाटक प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने प्रभावी ढंग से दिखाया कि कैसे तंबाकू का सेवन बिगड़ते स्वास्थ्य, आर्थिक बोझ और परिवारों में भावनात्मक तनाव का कारण बन सकता है। नाटक ने यह सशक्त संदेश दिया कि तंबाकू स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और एक खुशहाल और स्वस्थ भविष्य के लिए तंबाकू छोड़ना आवश्यक है।विदित हो की आगरा मेट्रो के स्टेशनों एवं ट्रेनों में तम्बाकू का सेवन प्रतिबंधित है एवं ऐसा करते पाये जाने पर जुर्माना भी भरना पड़ सकता है ।जागरूकता कार्यक्रम को मेट्रो यात्रियों और स्टेशन पर आने-जाने वालों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली, जिन्होंने जन स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने में छात्रों और यूपीएमआरसी द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।ऐसे प्रयासों के माध्यम से, यूपीएमआरसी स्वस्थ जीवन और सामुदायिक कल्याण को प्रोत्साहित करने वाले अभियानों का समर्थन करके सामाजिक उत्तरदायित्व और जन कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर मजबूत कर रहा है।गौरतलब है कि यूपी मेट्रो के सभी स्टेशनों पर तम्बाकू ड्रॉप बॉक्स रखे गये हैं, जहाँ सुरक्षा जांच के दौरान यदि किसी यात्री के पास से कोई तम्बाकू उत्पाद मिलता तो उसे तत्काल तम्बाकू ड्रॉप बॉक्स में डलवाया जाता है।
Editer in chief: Ram mahor





