आगरा सिविल एयरपोर्ट निर्माण कार्य का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, 30 नवंबर 2026 तक होगा तैयार आगरा जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने गुरुवार को निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट परियोजना का लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य युद्धस्तर पर जारी है। परियोजना को 30 नवंबर 2026 तक पूर्ण कर हैंडओवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य टर्मिनल भवन, रनवे और अन्य निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि बाउंड्री वॉल का कार्य पूरा हो चुका है जबकि रनवे का कार्य अंतिम चरण में है। मुख्य भवन का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।करीब 441.79 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा आगरा सिविल एयरपोर्ट 144.07 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। परियोजना में आधुनिक सुविधाओं से युक्त टर्मिनल भवन, मल्टीलेवल पार्किंग, सर्फेस पार्किंग, ई-चेक इन काउंटर, सिक्योरिटी सिस्टम, एरोब्रिज, एस्केलेटर, एलिवेटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, सोलर प्लांट, डिजी यात्रा सुविधा, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सिविल टर्मिनल परिसर में आ रहे छह वृक्षों को हटाने के लिए वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।उन्होंने एयरपोर्ट क्षेत्र से जुड़े ग्रामीण मार्गों का भी निरीक्षण किया और धनौली समेत आसपास के गांवों के लिए संपर्क मार्ग शीघ्र तैयार कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा खेरिया मोड़ से सिविल टर्मिनल तक सड़क के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए आगरा विकास प्राधिकरण को जल्द प्रस्ताव तैयार करने को कहा।जिलाधिकारी ने जल निकासी, एसटीपी और ड्रेनेज व्यवस्था की भी जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एडीए, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, वन विभाग, सेतु निगम, सिंचाई विभाग और एयरपोर्ट अथॉरिटी सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर परियोजना कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री संदीप वर्मा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी श्री विवेक कुमार शर्मा, प्रोजेक्ट प्रभारी अनूप चंद श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





