आगरा के थाना एकता क्षेत्र में अनैतिक देह व्यापार मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी अजय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।बताया जा रहा है कि थाना एकता पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम महुआ खेड़ा में दबिश दी, जहां आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।यह मामला बालिग और नाबालिग लड़कियों से अनैतिक देह व्यापार कराने से जुड़ा हुआ है।कुछ दिन पहले पुलिस और एएचटीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए “द ताज पेइंग गेस्ट हाउस एंड डॉरमेट्री” पर छापेमारी की थी, जहां से दो पीड़ित बालिकाओं को मुक्त कराया गया था।पुलिस जांच और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अजय सिंह का नाम सामने आया, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।फिलहाल आरोपी के खिलाफ बीएनएस और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




