आगरा: जन शिक्षण संस्थान द्वारा 15 नवंबर 2026 को महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित संस्थान के नितेश नगर, दहतोरा रोड, बोदला स्थित परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, देश की आजादी में योगदान और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया।इस अवसर पर संस्थान के निदेशक श्री कमल सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय, उनके संघर्ष और ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ आंदोलन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने साहस, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता से आदिवासी समाज में नई चेतना जगाई। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए देश के इतिहास में अपना अमिट स्थान बनाया।निदेशक कमल सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समुदाय के सदस्यों ने पारंपरिक उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। साथ ही उपस्थित लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कौशल विकास योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्षों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना तथा आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
संवाददाता: राम माहौर






