फिरोजाबाद। पितृ अमावस्या के पावन अवसर पर बैकुंठ धाम वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा 55 लावारिस दिवंगत व्यक्तियों की अस्थियों का विधि-विधान के साथ गंगा में विसर्जन किया जाएगा। अस्थि कलशों को सोरों गंगाजी ले जाकर ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य श्रद्धापूर्वक विसर्जित करेंगे।आयोजन को लेकर ट्रस्ट की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें पदाधिकारियों ने बताया कि शनिवार को पितृ अमावस्या के दिन सुबह 10 बजे फिरोजाबाद-जलेसर रोड स्थित श्मशान घाट से 55 अस्थि कलशों को सोरों गंगाजी के लिए रवाना किया जाएगा।ट्रस्ट का उद्देश्य ऐसे दिवंगत व्यक्तियों की अस्थियों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार एवं विसर्जन करना है, जिनका कोई परिजन उपलब्ध नहीं है या अंत्येष्टि के बाद उनकी अस्थियों के विसर्जन की व्यवस्था नहीं हो पाती। ट्रस्ट द्वारा ऐसे लोगों की अस्थियों को सुरक्षित रखकर पूरे विधि-विधान के साथ गंगा में विसर्जित किया जाता है।ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि सभी 55 अस्थि कलशों को सोरों गंगाजी ले जाकर धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विसर्जित किया जाएगा। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहेंगे।पत्रकार वार्ता में मनीष बधोरिया, जितेंद्र शर्मा, नरेश शर्मा, नीतू पार्षद, बबलू पंडित, विष्णु कुमार सहित ट्रस्ट के तमाम पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
संवाददाता: भुवनेश कुमार





