फिरोजाबाद। शहर में निकली राम बारात के दौरान मुस्लिम समाज की ओर से स्वागत कैंप लगाकर हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। समाजसेवी एवं करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान के नेतृत्व में एक मिनारा मस्जिद के पास स्वागत कैंप लगाया गया।स्वागत कैंप में राम बारात में शामिल श्रद्धालुओं को पानी की थैलियां वितरित की गईं। वहीं राम बारात के डोले पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। राम बारात की जिम्मेदार कमेटी के पदाधिकारियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों और पत्रकार बंधुओं का साफा, माला और पगड़ी पहनाकर तथा पुष्प वर्षा कर इस्तकबाल किया गया।मुस्लिम समाज की ओर से लगाए गए इस स्वागत कैंप की राम बारात में चर्चा रही। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने आपसी सद्भाव और भाईचारे के इस प्रयास की सराहना की।करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने कहा कि फिरोजाबाद में पिछले करीब 10 वर्षों से मुस्लिम समाज द्वारा राम बारात का स्वागत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होकर आपसी भाईचारे की परंपरा को आगे बढ़ाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से फिरोजाबाद की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया जाता है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनूप चंद जैन एडवोकेट और सिख धर्मगुरु ज्ञानी करनैल सिंह ने भी स्वागत कैंप में पहुंचकर आयोजकों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि हिकमत उल्ला खान के नेतृत्व में लंबे समय से राम बारात के अवसर पर यह स्वागत कैंप लगाया जा रहा है। इस तरह के आयोजन समाज में सद्भावना, प्रेम, भाईचारे और आपसी विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर हिकमत उल्ला खान ने राम बारात के दौरान बेहतर व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम और विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, एलआईयू इंस्पेक्टर प्रेमपाल सिंह, थाना प्रभारी रसूलपुर प्रदीप कुमार, थाना दक्षिण प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह, थाना रामगढ़ प्रभारी संजीव दुबे और थाना उत्तर प्रभारी रवि त्यागी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक टीम का व्यवस्थाओं के लिए शुक्रिया अदा किया।कार्यक्रम के माध्यम से लोगों ने शहर में आपसी सौहार्द, भाईचारे और एकता को कायम रखने का संदेश दिया।
संवाददाता: भुवनेश कुमार





