आगरा। आगरा मंडल में यात्रियों की सुविधाओं और रेलवे स्टेशन की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य लगातार जारी हैं। इसी क्रम में फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने मंडल रेल प्रबंधक एवं रेलवे अधिकारियों के साथ बटेश्वर स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।बटेश्वर स्टेशन को डी श्रेणी से बी श्रेणी के स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए लगभग ₹33.45 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। स्टेशन के विकास के तहत स्टेशन भवन एवं यात्री परिसरों का विकास, प्लेटफॉर्म सुविधाओं में सुधार, यात्री आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक सिविल कार्य, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, यात्री सुविधाओं का विस्तार तथा स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान सांसद राजकुमार चाहर ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और निर्माणाधीन कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन मैप का अवलोकन कर प्रस्तावित एवं चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों से उन्होंने कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के बारे में जानकारी प्राप्त की।सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने तथा यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।रेलवे अधिकारियों ने सांसद को बटेश्वर स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान 14 अक्टूबर को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा किए जाने वाले वर्चुअल भूमि पूजन की तैयारियों को लेकर भी समीक्षा की गई।बटेश्वर एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है। स्टेशन के विकसित होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, स्टेशन के आधुनिकीकरण से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।निरीक्षण के दौरान उप मुख्य अभियंता/कंस्ट्रक्शन मुकेश कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता अनिल पटेल, वरिष्ठ मंडल अभियंता (कोऑर्डिनेशन) शैलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (जनरल) बी.एस. चौहान, मंडल अभियंता तृतीय अनादी मित्तल, जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम सहित रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सुग्रीव चौहान, कप्तान सिंह वर्मा, कृष्णपाल सिंह, नितिन वर्मा, मुन्ना लम्बरदार, सतेंद्र बरुआ, रविन्द्र बघेल, एसीपी जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सम्पूर्ण कुलश्रेष्ठ, बीडीओ नीरज तिवारी, शिवकुमार शर्मा, अनुज शर्मा, सोनू सैंथिया, सतेंद्र यादव, ब्रजेश शास्त्री सहित भाजपा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।






