आगरा, 7 अक्टूबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के तत्वावधान में बुधवार को केंद्रीय कारागार, आगरा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं दंत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पूर्णकालिक श्री पंकज कुमार-I ने केंद्रीय कारागार का निरीक्षण कर बंदियों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कारागार में निरुद्ध बंदियों का दंत स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया।निरीक्षण के दौरान सचिव श्री पंकज कुमार-I ने केंद्रीय कारागार की पाकशाला एवं चिकित्सा वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।विधिक जागरूकता कार्यक्रम में बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, अधिवक्ता उपलब्ध कराने, जमानत संबंधी प्रावधानों तथा न्यायिक प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर अथवा अधिवक्ता करने में असमर्थ बंदी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।इस अवसर पर सचिव ने बंदियों से उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बंदी को अपने विधिक अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वह न्यायिक प्रक्रिया में अपने अधिकारों का प्रभावी रूप से उपयोग कर सके।कार्यक्रम में श्री संतोष कुमार, जेलर, केंद्रीय कारागार आगरा, डॉ. पीयूष जैन, डिप्टी सीएमओ, आगरा, स्वास्थ्य विभाग के दंत चिकित्सक, उपकारापाल सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






