आगरा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के तत्वावधान में मंगलवार को केंद्रीय कारागार, आगरा में प्री-मेगा शिविर कार्यक्रम के साथ विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान बंदियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके विधिक अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी दी गई।स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सक डॉ. मनीष गुप्ता एवं सुनील गौतम ने कारागार में निरुद्ध बंदियों का नेत्र परीक्षण किया। जांच के दौरान जिन बंदियों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, उनका चश्मा उपलब्ध कराने के लिए पंजीकरण किया गया।कार्यक्रम में कारागार के कारापाल संतोष कुमार, डिप्टी जेलर सूरज कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया।शिविर के बाद सचिव, पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा ने केंद्रीय कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और कठिनाइयों की जानकारी ली। बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में भी बताया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराना रहा।






