आगरा, 5 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को विजयनगर कॉलोनी स्थित राजकीय संकेत विद्यालय परिसर में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगरा उत्तर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए।दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत कुल 73 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 40 ट्राईसाइकिल, 15 व्हीलचेयर, 5 एमआर किट, 6 श्रवण यंत्र, 2 ब्रेल किट और 5 बैसाखियां शामिल रहीं। उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।कार्यक्रम के दौरान पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से पांच लाभार्थियों को ओ लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण डिप्लोमा के प्रमाण पत्र भी विधायक द्वारा वितरित किए गए।इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि सरकार की ओर से दिव्यांगजनों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र की ऐसी दिव्यांग बेटियां, जिन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें वह अपनी ओर से स्कूटी प्रदान करेंगे।विधायक ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी शिक्षा एवं आवागमन में सुविधा देने के लिए इस तरह की योजनाएं महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की।कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ज्ञान देवी, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी विजय लक्ष्मी मौर्या, राजकीय संकेत विद्यालय की प्रधानाचार्य ममता सिंह, बचपन डे केयर सेंटर के समन्वयक दिलीप यादव, वरिष्ठ सहायक जाहिरा, कंप्यूटर ऑपरेटर अजय मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






