आगरा। आगामी 01 नवंबर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर, आगरा में आयोजित होने वाले वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर की तैयारियों को लेकर सोमवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), आगरा श्री पंकज कुमार-I ने की।बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर, जिला विकास अधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त नगर, डिप्टी सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराया जाए और उन्हें संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ जल्द उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर लोगों को विधिक सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।सचिव ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से भी 01 नवंबर को आयोजित होने वाले वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने में सहयोग की अपील की, ताकि जरूरतमंद लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंच सके और वे इसका लाभ उठा सकें।जिला जेल में पांच बंदियों के मामलों पर हुआ विचार-विमर्शइसके बाद पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में जिला कारागार, आगरा में अधिकार प्राप्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त आगरा, जिला कारागार अधीक्षक हरि ओम शर्मा, एडीएम नगर सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।बैठक में ऐसे पांच बंदियों को चिन्हित किया गया, जिनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति कमजोर है। इनमें ऐसे बंदी भी शामिल हैं, जिनकी जमानत हो चुकी है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे रिहा नहीं हो सके। इसके अलावा कुछ ऐसे बंदियों के मामलों पर भी चर्चा की गई, जिनकी सजा पूरी हो चुकी है, लेकिन वे निर्धारित धनराशि जमा करने में सक्षम नहीं हैं।समिति ने पांचों बंदियों की रिहाई को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक में एक बंदी को मुक्त कराए जाने का निर्णय लिया गया, जबकि शेष चार बंदियों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति की विस्तृत आख्या तैयार कराने के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी (DPO), आगरा को निर्देश दिए गए। आख्या प्राप्त होने के बाद इन चारों बंदियों की रिहाई के संबंध में त्वरित निर्णय लिया जाएगा।





