आगरा। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ पखवाड़े के अंतर्गत जन शिक्षण संस्थान, आगरा द्वारा फतेहाबाद ब्लॉक के ग्राम टंकी नगर में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम 19 सितंबर 2026 को संस्थान की प्रशिक्षिका श्रीमती रजनी राठौर के प्रशिक्षण केंद्र पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जन शिक्षण संस्थान, आगरा के निदेशक श्री कमल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी लाभार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने लोगों से व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ घर, कार्यस्थल और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की अपील की।
प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षिका श्रीमती रजनी राठौर ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और स्वच्छता की आदतों को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक स्वच्छता शपथ ली और अपने गांव तथा आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना रहा।





